पिछले टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के फिन एलन और टिम साइफर्ट के शानदार प्रदर्शन के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की उम्मीदें बढ़ गई हैं। दोनों ने 400 से अधिक रनों की साझेदारी की और एलन ने सबसे तेज टी20 शतक भी लगाया।
- एलन और साइफर्ट ने T20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया
- KKR को IPL 2026 में मजबूत सलामी जोड़ी की उम्मीद
- रचिन रवींद्र भी गेंदबाजी में KKR के लिए अहम होंगे
विशाल श्रेष्ठ, जागरण, कोलकाता। पिछले साल दिसंबर में अबू धाबी में जब आईपीएल की मिनी नीलामी चल रही थी, उस वक्त न्यूजीलैंड के फिन एलन व टिम साइफर्ट को कोई पूछने वाला नहीं था। एलन बमुश्किल दो करोड़ तो साइफर्ट डेढ़ करोड़ में बिके थे। खरीदार था कोलकाता नाइटराइडर्स। टी20 विश्व कप के समापन के बाद वे फ्रेंचाइजी जरूर अफसोस कर रहे होंगे, जिन्हें अच्छे आरंभिक बल्लेबाजों अथवा विकेटकीपर की जरुरत थी। एलन व साइफर्ट इस टी20 विश्व कप की सबसे शानदार आरंभिक जोड़ी बनकर उभरे हैं। दोनों के बीच 400 से अधिक रनों की साझेदारी रही है।
अब यह लगभग तय माना जा रहा है कि आईपीएल के अगले सत्र में यही दोनों केकेआर के लिए पारी की शुरुआत करेंगे। साइफर्ट ने टूर्नामेंट में 326 रन बनाए हैं, जो द्वितीय सर्वाधिक हैं। वहीं एलन 298 रनों के साथ पांचवें स्थान पर रहे हैं। एलन टी20 विश्व कप में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज (33 गेंदों में अविजित 100 रन) बन गए हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध ईडन गार्डेंस स्टेडियम में सेमीफाइनल में यह कमाल किया था, जो आगामी आईपीएल में उनका घरेलू मैदान होने वाला है। एलन न्यूजीलैंड के लिए सबसे तेज टी20 शतक बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
शुभारंभ को तरसता रहा है केकेआर
आईपीएल के पिछले कुछ सत्रों से आरंभिक जोड़ी केकेआर के लिए चिंता का सबब रही है। केकेआर ने कई बार अन्य आरंभिक बल्लेबाजों के साथ सुनील नारायण से ओपनिंग करवाकर इस समस्या का निवारण करने की कोशिश की। इसमें कुछ बार ही सफलता मिली, स्थायी समाधान निकल नहीं पाया। एलन व साइफर्ट अगर टी20 विश्व कप का फॉर्म जारी रख पाए तो केकेआर की यह समस्या दूर हो सकती है। इन दोनों के अलावा केकेआर ने पिछली नीलामी में न्यूजीलैंड के एक और खिलाड़ी रचिन रवींद्र को भी मात्र दो करोड़ में खरीदा था। रचिन ने भी पिछले टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 विकेट चटकाए हैं। वे सुनील नारायण व वरुण चक्रवर्ती के साथ तिकड़ी बनाकर घातक साबित हो सकते हैं।