When will IPL 2026 Start: आईपीएल 2026 शुरू होने की तारीख दो दिन आगे खिसक गई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) आईपीएल की डिफेंडिंग चैंपियन है। भारत ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर इतिहास रचा है। भारत बतौर मेजबान और लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहली टीम बन गई है। भारत ने रविवार को फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से शिकस्त दी। टी20 वर्ल्ड कप समाप्त होने के बाद अब भारत में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का धूम-धड़ाका देखने को मिलेगा। आईपीएल 2026 कब से शुरू होगा? क्रिकेट फेंस तारीख जानने को लेकर बेकरार हैं। आईपीएल के ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर स्टार स्पोर्ट्स ने कंफर्म कर दिया है कि 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होगा। ब्रॉडकास्टर ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले इसकी पुष्टि की। दिसंबर 2025 में आईपीएल की ओर से सभी फ्रेंचाइजी को बताया गया था कि आईपीएल 2026 का आगाज 26 मार्च से शुरू होगा लेकिन तारीख दो दिन आगे खिसक गई है।

आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल अगले हफ्ते 19वें सीजन के पूरे शेड्यूल को अंतिम रुप देने के लिए बैठक कर सकती है। दरअसल, आईपीएल शेड्यूल में देरी पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और असम में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से जुड़ी है। कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के होम ग्राउंड कोलकाता और चेन्नई हैं। वहीं, असम की राजधानी गुवाहाटी राजस्थान रॉयल्स (आरआर) का दूसरा वेन्यू है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) डिफेंडिंग चैंपियन है। टूर्नामेंट के पहले मैच में आरसीबी उतरेगी। आरसीबी ने 2025 में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को हराकर पहली आईपीएल ट्रॉफी जीती थी। आरसीबी का होम ग्राउंड बेंगलुरु का एम चिन्नास्वामी स्टेडियम है। आरसीबी आगामी सीजन में पांच मैच बेंगलुरु और दो मुकाबले रायपुर में खेलेगी।

बता दें कि आईपीएल में कुल 10 टीमें ट्रॉफी के लिए जोर-आजमाइश करती हुई नजर आएंगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स के अलावा मुंबई इंडियंस (एमआई), गुजरात टाइटन्स (जीटी), दिल्ली कैपिटल्स (डीसी), सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) दमखम दिखाएंगी। आईपीएल की शुरुआत 2008 में हुई थी। यह दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे अमीर क्रिकेट लीग है। चेन्नई और मुंबई लीग की सबसे सफल टीमें हैं। दोनों ने पांच-बाच बार खिताब अपने नाम किया है। सीएसके साल 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में विजेत बनी। एमआई ने साल 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में खिताब पर कब्जा जमाया। केकेआर ने तीन बार (2012, 2014, 2024) ट्रॉफी हासिल की है।